ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय गंगाभोगपुर, यमकेश्वर में आयोजित स्वच्छता शपथ व स्वच्छता कार्यक्रम को भारत सरकार के स्वच्छ भारत पोर्टल पर स्थान दिया गया है। विद्यालय के शिक्षक डॉ. अतुल बमराड़ा ने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से स्वच्छ भारत कार्यक्रम तहत सभी विद्यालयों में एक सितंबर से 15 सितंबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाने के निर्देश जारी किए गए थे। जिसके तहत स्वच्छता शपथ, स्वच्छता जागरुकता दिवस, हरा विद्यालय अभियान, स्वच्छता प्रतिभाग दिवस, व्यक्तिगत स्वच्छता दिवस, सामुदायिक स्वच्छता दिवस, शुद्ध जल व जल संरक्षण दिवस संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाना है।
बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत बीती 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा पांच की छात्रा सोनम द्वारा स्वच्छता संबंधी जानकारी दी गई। डॉ. बमराड़ा ने बताया कि उक्त कार्यक्रम के फोटो व वीडियो भारत सरकार के स्वच्छता पोर्टल पर समीक्षा के लिए भेजे गए थे। उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने संबंधित कार्यक्रम को अपने वेब पोर्टल पर स्थान दिया है।