श्रीनगर। पुरानी पेंशन बहाली की एक सूत्री मांग के लिए विभिन्न शिक्षक-कर्मचारी संगठनों की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर 21 सितंबर को श्रीनगर में दुपहिया वाहन रैली निकाले जाने का निर्णय लिया गया। रैली के आयोजन के लिए संयोजक मंडल का भी गठन किया गया।
स्थानीय जीजीआईसी में पुरानी पेंशन बहाली मंच पौड़ी के बैनर तले राजकीय शिक्षक संघ, मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संगठन, जूनियर शिक्षक संघ, सिंचाई विभाग कर्मचारी संघ, वाणिज्य कर विभाग कर्मचारी संघ व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन सहित अन्य संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इस मौके पर वक्ताओं ने सरकार की ओर से पुरानी पेंशन योजना को बंद करने पर रोष जताया। आंदोलन को धार देने के लिए श्रीनगर इकाई का गठन किया गया। साथ ही 21 सितंबर अपराह्न 2 बजे श्रीनगर शहर में वाहन रैली करने का निर्णय लिया। बताया गया कि रैली जीएंडटीआई मैदान से बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए बांसवाड़ा से वापस गोला पार्क में पहुंचेगी। जहां जनसभा का आयोजन होगा। रैली के आयोजन के लिए संयोजक मंडल का गठन किया गया, जिसमें बलराज सिंह गुसांई को मुख्य संयोजक का दायित्व दिया गया। जबकि दिलवर सिंह रावत, राजेश सेमवाल, राजीव उनियाल, जसपाल गुसांई, महेश गिरि, जगपाल चौहान, आलोक उनियाल व राकेश कंडारी सदस्य बनाए गए। बैठक का संचालन मनोज काला ने किया।