कीर्तिनगर। श्रीनगर जल विद्युत परियोजना प्रभावितों का आंदोलन जारी है। समस्याओं के निराकरण के लिए 29 दिन से आमरण अनशन कर रह रहे दौलत कुंवर का बुधवार को मेडिकल टीम ने परीक्षण किया। डाक्टरों ने उनमें खून की कमी बताई है।
रोजगार व आर्थिक पैकेज सहित अन्य मांगों के लिए श्रीनगर जल विद्युत परियोजना प्रभावित 1 अगस्त से उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के बैनर तले आंदोलनरत हैं। वहीं मंच के प्रदेश संयोजक दौलत कुंवर 15 अगस्त और ओम प्रकाश थपलियाल 30 अगस्त से आमरण अनशन कर रहे हैं। कुंवर ने जेल में रहने के दौरान भी अनशन नहीं तोड़ा। आमरण अनशन पर बैठे अन्य आंदोलनकारियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कीर्तिनगर के डॉक्टर मेडिकल चेकअप कर रहे थे, लेकिन कुंवर श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स से ही परीक्षण कराने की मांग पर अड़े थे। बुधवार को प्रशासन ने उनके चेकअप के लिए पौड़ी जिले के संयुक्त अस्पताल श्रीनगर की मेडिकल टीम की टीम बुलाई। डा. निकिता मौर्य की अगुवाई में आई टीम ने कुंवर का स्वास्थ्य परीक्षण किया। एसडीएम नूपुर वर्मा ने बताया कि अनशनकारी कुंवर में डॉक्टर्स ने खून की कमी बताई है। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश बर्त्वाल, सुनीता पांडे, अमरा देवी सरोजनी देवी, भागेश्वरी देवी, सूर्यमणि नौटियाल, शांता देवी, दीपा देवी, रमा, सुधा और विजय लक्ष्मी आदि मौजूद थे।