कर्णप्रयाग/गैरसैंण। गैरसैंण में जलसंकट को दूर करने के लिए रामगंगा पर झील बनाने का रास्ता साफ हो गया है। भूगर्भीय सर्वे सहित अन्य परीक्षण में रामगंगा पर झील के लिए चयनित जगह पास हो गई है। बुधवार को सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता एके दिनकर ने यहां स्थलीय निरीक्षण किया और जल्द झील की डीपीआर शासन को भेजने की बात कही।
बुधवार को सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता एके दिनकर ने गैरसैंण में झील बनाने वाली जगह का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल्द झील निर्माण से संबधित सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएं। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता धनवंत्री प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि झील की डीपीआर करीब अस्सी फीसदी तैयार की जा चुकी है। इस दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता जयपाल, अधीक्षण अभियंता पीएस पंवार, अधिशासी अभियंता वीके मौर्य, अवर अभियंता मौनू कुमार आदि मौजूद थे।