गोपेश्वर। जिला पूर्ति विभाग के कर्मचारियों ने पूर्ति अधिकारी शिल्पी शुक्ला के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने पूर्ति अधिकारी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की और 12 सितंबर से अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार का निर्णय लिया। वहीं कर्मचारियों के बहिष्कार से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रसद आपूर्ति में दिक्कतें आ सकती हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों ने खाद्य नागरिक आपूर्ति के प्रमुख सचिव और डीएम को कार्यबहिष्कार का ज्ञापन दिया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सुशील ध्यानी, महामंत्री दिनेश कुमार, संरक्षक मनोहर सिंह फस्त्रवाण, वीर विक्रम घुनियाल, भगवती प्रसाद, गणेश कोठियाल, शशि फस्त्रवाण, सतेंद्र कुमार, सुशील नौटियाल आदि ने आरोप लगाया कि जिला पूर्ति अधिकारी की ओर से बिना डीएम को विश्वास में लिए कर्मचारियों के बेवजह स्थानांतरण किए जा रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों के भी स्थानांतरण कर दिए गए हैं, जो सेवानिवृत्त होने वाले हैं। वहीं डीएसओ के जिला स्तरीय बैठकों में शामिल न होने, फोन न उठाने और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रसद आपूर्ति की कोई सूचना न रखने पर डीएम स्वाति एस भदौरिया उनके स्थानांतरण के लिए शासन को पत्र भी लिख चुकी हैं। डीएम स्वाति एस भदौरिया का कहना है कि कर्मचारियों के आंदोलन का आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रसद आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इस संबंध में अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।