पोखरी/जोशीमठ। राजकीय महाविद्यालय पोखरी में संपन्न हुए छात्रसंघ चुनाव में छात्रा प्रतिनिधि पद को छोड़कर सभी पदों पर एनएसयूआई के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। महाविद्यालय के प्राचार्य जयचंद्र गौतम ने बताया कि महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के उमेश सिंह 152 मत हासिल कर विजयी रहे, जबकि एबीवीपी के अंकित बर्त्वाल को 95 व अंकित सिंह को छह मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर दीपक सिंह (145) ने राखी (97) को 48 मतों से हराया। महासचिव पद पर राजेश शाह (140) ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अनूप सिंह (117) को 23 मतों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर वसुदेव सिंह (141) ने अनिल (90) को 51 मतों से पराजित किया। विवि प्रतिनिधि पद पर रविंद्र (196) ने संदीप (61) और छात्रा प्रतिनिधि पद पर अंगीता (130) ने विनीता (124) को पराजित किया।
जोशीमठ महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर आर्यन ग्रुप के कपिल (151) ने एनएसयूआई के अभिजीत प्रकाश (137) को 14 मतों से पराजित किया। कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के सरजीत (151) ने आर्यन ग्रुप के मोहन (123) को 28 मतों से पराजित किया। विवि प्रतिनिधि पद पर भी एनएसयूआई का कब्जा रहा। इस पद पर एनएसयूआई के सचिन (159) ने आर्यन ग्रुप के राहुल (129) को 30 मतों से पराजित किया। जबकि उपाध्यक्ष पद पर यशवंत सिंह, सचिव पद पर सीमा, सह सचिव आशीष जोशियाल निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डा. चरण सिंह राणा ने चुनाव परिणाम की घोषणा की।