दंत चिकित्सा की आधुनिक तकनीकि से रूबरू हुए छात्र
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। सीमा डेेंटल कॉलेज एंड हास्पिटल की ओर से एओएमएसआई शाखाओं के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को मैक्सिलोफेसियल सर्जरी की प्रथम जोनल मीट का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्रों को दांतों से संबंधित विभिन्न रोगों के निदान की आधुनिक तकनीकि की जानकारी दी गई।
वीरभद्र स्थित संस्थान के गंगा सभागार में शुक्रवार को आयोजित मीट का शुभारंभ मुख्य अतिथि एम्स के निदेशक प्रोफेसर डॉ. रवि कांत, कॉलेज के चेयरमैन डॉ. अमित गुप्ता ने संयुक्तरूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डॉ. रवि कांत ने कहा कि हमारा प्रशिक्षण व फोकस मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली बीमारियों की तरफ होना चाहिए। उन्होंने कार्यशाला के जरिए दंत चिकित्सा की आधुनिकतम जानकारियां प्राप्त करने का आह्वान किया। सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शादाब मोहम्मद ने जबड़े व उनके जोड़ों के बारे में जानकारी दी। चेयरमैन डॉ. अमित गुप्ता ने संस्थान के विभिन्न विभागों द्वारा नियमितरूप से कार्यशालाएं आयोजित करने की जानकारी साझा की। इस मौके पर हरियाणा व उत्तराखंड की एओएमएसआई शाखाओं ने डॉ. शादाब मोहम्मद और डॉ. नागेश्वर अय्यर को लाइफ टाइम एचिवमेंट अवार्ड से नवाजा। इस अवसर पर डॉ. हिमांशु ऐरन, डॉ. मुकेश डॉ. अमित बाली, डॉ. रनजीत बत्रा, डॉ. ध्रुव अरोड़ा, विवेक संग, डॉ. अमित जैन, विकास रमोला, नवीन छावड़ा, सुनीता मलिक आदि मौजूद रहे।