गौचर। सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों की खेल प्रतियोगिताएं शुक्रवार से शुरू हुईं। प्रतियोगिताओं में सरस्वती शिशु मंदिर गौचर के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा। शिशु मंदिर गौचर के अभिलाष 100 और 200 मीटर दौड़ में प्रथम रहे जबकि शिशु मंदिर कर्णप्रयाग की छात्रा सृष्टि ने 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया।
मेला मैदान में शुरू हुई प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्या भारती के जिला प्रमुख मुरलीधर चंदोला ने किया। इस दौरान हुई कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर गौचर प्रथम रहा, जबकि कर्णप्रयाग द्वितीय और सिदोली तृतीय स्थान पर रहा। लंबी कूद में योगिता, प्रियंका, अनुष्का ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में गौचर की योगिता ने पहला, सिदोली की अनुष्का ने दूसरा स्थान हासिल किया। गोलाफेंक में कर्णप्रयाग के आकाश प्रथम और गौचर के अनुराग द्वितीय रहे। इस अवसर पर भगवती प्रसाद गोस्वामी, शिशुपाल सिंह कठैत, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, दिलबर सिंह, रीना कनवासी, कल्याण सिंह, तृप्ति भास्कर और अरविंद सिंह आदि मौजूद थे।