एसआरटीसी की टीम ने जीती फुटबॉल ट्रॉफी
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
मुनिकीरेती। जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर की ओर से पुरुष ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन बृहस्पतिवार को हो गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एसआरटीसी व एनएफयू के बीच खेला गया। जिसमें एसआरटीसी की टीम विजेता रही।
मुनिकीरेती स्थित स्टेडियम में बृहस्पतिवार को आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले का कोषाधिकारी नरेंद्रनगर जगदीश चंद्रा ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के तीसरे दिन पहला सेमीफाइनल मुकाबला एसआरटीसी व रुद्रा क्लब के बीच खेला गया। जिसमें एसआरटीसी ने रुद्रा को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल एनएफयू व एसजीआरआर के बीच हुआ। जिसमें एनएफयू की टीम ने 3-0 से विजय हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला एसआरटीसी व एनएफयू के बीच बृहस्पतिवार को खेला गया। जिसमें एसआरटीसी की टीम विजेता रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कोषाधिकारी जगदीश चंद्रा ने दोनों टीमों को विजेता व उपविजेता ट्रॉफी भेंट की। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी कृष्ण कुमार, आकाश, भानू, रवि शर्मा, दैर सिंह, प्रशासनिक अधिकारी साधूराम, गंभीर सिंह, सुनील भारद्वाज, दीपक, रवि, मिथुन, तरनजीत, कुलदीप, शानू कुमार आदि मौजूद रहे।