श्रीनगर। ‘सुनींद होयुं छ झांपू बोडा’ से चर्चाओं में आए लोक गायक पवन सेमवाल ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से माफी मांगी है। सेमवाल ने कहा है कि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष के लिए यह गीत नहीं गाया है। फिर भी यदि मुख्यमंत्री को गीत के किसी शब्द से ठेस पहुंची है, तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।
दिल्ली में रह रहे टिहरी जिले के चाका पिछवाड़ा गांव के निवासी पवन सेमवाल अपने वीडियो एलबम ‘उत्तराखंडी जागी जावा’ को लेकर चर्चाओं में है। गीत में सरकार को सुस्त बताकर निशाने पर लिया गया है। एलबम के रिलीज होने के बाद से सियासी गलियारों में हलचल मची हुई है। कांग्रेस जहां इस गीत को आधार बनाकर सरकार को कोस रही है, वहीं भाजपा ने इसे कांग्रेस का काम बताते हुए गीत की निंदा की है। इस बीच अब पवन सेमवाल ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से माफी मांगी है। अमर उजाला से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि ‘उत्तराखंडी जागी जावा’ का मतलब है कि ‘सभी उत्तराखंडवासियों जाग जाओ’। इसमें उत्तराखंडियों और सरकार से जागने का आह्वान किया गया है। उत्तराखंड में जो घटनाक्रम हो रहे हैं, उसको देखकर गाना लिखा गया है, लेकिन किसी व्यक्ति विशेष के लिए गाना नहीं गाया गया है। उन्होंने आपत्ति जताने वालों को पूरा गीत सुनने की नसीहत दी, साथ ही कहा कि यदि मुख्यमंत्री को गीत में किसी शब्द से बुरा लगा है, तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं। बहरहाल, विवाद का फायदा एलबम को मिला है। यू ट्यूब पर अब तक इस एलबम को लगभग 96 हजार दर्शक देख चुके हैं।