गैरसैंण। उत्तराखंड प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से आयोजित हिमालयी संरक्षण अभियान 2018 का दूसरा चरण 4 अक्तूबर को देहरादून में रैली के साथ होगा। देहरादून में कार्यक्रम का आगाज होगा जबकि सात अक्तूबर को रानीखेत में जन चेतना रैली के साथ समापन किया जाएगा।
यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री नवीन वर्मा, रैली के संचालक और नैनीताल जिले के महामंत्री हर्षवर्द्धन पांडे ने कहा कि रैली का मुख्य उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्र से हो रहे पलायन को रोकने, उच्च हिमालयी पर्यटन पर जोर देना और हिमालयी परिवेश में पर्यावरण सुरक्षा को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है।
उन्होंने कहा कि रैली में शामिल होने वाले कुमाऊं के लोग 3 अक्तूबर को हल्द्वानी में एकत्रित होकर देहरादून के लिए रवाना होंगे। चार अक्तूबर को देहरादून के विकास नगर से हिमालयी संरक्षण अभियान रैली की शुरुआत होगी। इसके बाद रात्रि विश्राम के लिए रैली नौगांव पहुंचेगी। रैली पांच अक्तूबर को बड़कोट होते हुए चंबा, छह को नई टिहरी होते हुए श्रीनगर, रुद्रप्रयाग इसके बाद उखीमठ से गोपेश्वर में रात्रि विश्राम, सात को कर्णप्रयाग, गैरसैंण, चौखुटिया, द्वाराहाट होते हुए रानीखेत में समापन होगा। वर्ष 2018 के तीन वर्ष बाद 2021 में इस रैली का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान व्यापार संघ के रणजीत शाह, सुरेंद्र बिष्ट, बृज मोहन पंत, गोपाल दत्त पंत, कमल राम, मोहन टम्टा, वीरेंद्र लाल आदि व्यापारी मौजूद थे।
स्कूूली छात्रों ने निकाली रैली
आदिबदरी। हिमालय बचाओ अभियान के तहत जूनियर हाईस्कूल नगली में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने रैली निकाली। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने ग्रामीणों को हिमालय संरक्षित करने के साथ ही हिमालय के प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखने के लिए जागरूक किया। इसके बाद विद्यालय में हिमालय बचाओ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अनिल खंडूड़ी, प्रकाश डिमरी, अनवर सिद्दीकी ने छात्र-छात्राओं को वन, वन्य जीव, जलस्रोत और प्रकृति के संरक्षण की जानकारी दी।