श्रीनगर। स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर लखनऊ विवि में अंतर विश्वविद्यालयी वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। आयोजकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए गढ़वाल विवि को भी आमंत्रित किया है, जिसके तहत विवि के दो छात्र प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इन छात्रों का चयन गढ़वाल विवि को करना होगा।
स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति व लखनऊ विवि की संयुक्त पहल पर 25 अप्रैल 2018 से 25 अप्रैल 2019 तक जन्म शताब्दी वर्ष आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत आगामी 18 सितंबर को लखनऊ विवि में अंतर विश्वविद्यालयी वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के करीब 30 विवि प्रतिभाग कर रहे हैं। वाद विवाद प्रतियोगिता का विषय सोशल मीडिया: वरदान या अभिशाप रखा गया है। कार्यक्रम समन्वयक लखनऊ विवि के प्रो. एनके पांडे ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग के करने के लिए गढ़वाल विवि को भी आमंत्रित किया गया है। पांडे ने बताया कि प्रतियोगिता दो चरणों में होगी। प्रथम चरण के तहत प्रत्येक विवि को अपने यहां 10 सितंबर तक प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए छात्रों का चयन करना होगा। द्वितीय चरण की प्रतियोगिता 18 सितंबर को लखनऊ विवि में होगी। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को 51 हजार, द्वितीय विजेता को 31 हजार व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 21 हजार व सांत्वना पुरस्कार के रूप में 11 हजार की नगद पुरस्कार दिया जाएगा।