नारायणबगड़। कोठा गांव में दो दिन तक प्रवास के बाद मां नंदा की डोली यात्रा बुधवार को देर शाम सिलोड़ी गांव पहुंचीं। यहां श्रद्धालुओं ने मां नंदा का पारंपरिक और भव्य स्वागत किया। इससे पूर्व कोठा गांव में महिलाओं ने जागर गाए जिससे माहौल नंदामय बना रहा।
बुधवार सुबह कोठा गांव में मां नंदा की डोली की श्रद्धालुओं ने पूजा की। इस दौरान ग्रामीणों ने नंदा भगोती पैटिगे, यात्रा भगोती..., नारेणी मां दुर्गा भवानी..., जै जै बोला भगोती नंदा... आदि गीतों और जागर की प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान शुंभ निशुंभ दैत्य नाटिका का मंचन भी किया गया। दोपहर बाद नंदा की यात्रा सिलोड़ी गांव के लिए रवाना हुई। नंदा को विदा करते हुए श्रद्धालुओं की आंखें छलक उठीं। पुजारी मंशाराम गौड़ ने बताया कि बृहस्पतिवार को नंदा की यात्रा सिलोड़ी से सोल पट्टी के डुंग्री गांव के लिए प्रस्थान करेगी।