ब्यूरो/अमर उजाला, चकराता
श्री गुलाब सिहं राजकीय महाविद्यालय में भी मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही चुनावी उद्घोष शुरू हो गया। सुबह नामांकन पत्र जमा करने के बाद वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई। यहां अध्यक्ष, सचिव समेत सभी पदों पर एबीवीपी और एनएसयूआई के प्रत्याशियों के बीच आमने सामने की टक्कर होगी। कार्यकारिणी पद पर एक ही नामांकन पत्र प्राप्त हो सका।
अध्यक्ष पद पर इस बार एनएसयूआई की दिव्या राणा की टक्कर एबीवीपी की स्मिता से होगी। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की अरबिना चौहान और एबीवीपी की आंचन चौहान आमने सामने हैं। सचिव पद पर एनएसयूआई की सपना और एबीवीपी की मोनिका तोमर के बीच मुकाबला होगा। सह सचिव पद पर एनएसयूआई की अंकिता, एबीवीपी की नेहा रावत, कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की पिंकी, एबीवीपी की शोभा चौहान, यूआर के पद पर एनएसयूआई के वीर सिंह, एबीवीपी की दिव्या रावत आमने सामने होंगे। कार्यकारिणी सदस्य पर एनएसयूआई की प्रियंका का ही नामांकन पत्र प्राप्त हुआ। इससे इस पद पर प्रियंका को निर्विरोध चुन लिया गया है। चुनाव अधिकारी डॉ. अरविंद वर्मा ने बताया कि आठ सितंबर को सुबह आठ बजे से चुनावी प्रक्रिया संपन्न होगी।