गोपेश्वर। मूसलाधार बारिश से चमोली जिले में संपर्क मार्ग और पुलिया बहने से बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। यहां छात्र-छात्राएं उफनते गदेरे में एक दूसरे का हाथ पकड़कर रास्ता पार कर स्कूल पहुंच रहे हैं। शासन-प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराने के बाद भी यहां पुल का निर्माण नहीं किया गया।
घाट ब्लॉक मुख्यालय से करीब 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित स्यांरी और बंगाली गांव के बच्चे पढ़ाई के लिए जीआईसी बांजबगड़ जाते हैं। 13 जून को भारी बारिश से गदेरे पर जिला पंचायत की ओर से बनाई गई पुलिया बह गई थी। तब से स्कूली बच्चे उफनते चुफलागाड गदेरे को पार कर विद्यालय तक पहुंच रहे हैं। स्यांरी गांव की प्रधान दीपा देवी का कहना है कि यहां पुलिया निर्माण के लिए डीएम से लेकर सीएम को ज्ञापन भेज चुकी हूं, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। मौसम सामान्य होने के बाद गदेरे पर शीघ्र पुलिया का निर्माण किया जाएगा।