गोपेश्वर। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय परिसर गोपेश्वर में मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैद्य प्रत्याशियों की सूची जारी की गई। अब छात्र संघ चुनाव में दस प्रत्याशी मैदान में हैं। महाविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष के साथ ही उपाध्यक्ष और सचिव पद पर दो-दो प्रत्याशी होने से एबीवीपी और एनएसयूआई प्रत्याशियों में सीधी टक्कर है। इसके बाद वैद्य प्रत्याशियों के साथ छात्र संघ चुनाव कमेटी और महाविद्यालय प्रशासन की बैठक हुई, जिसमें प्रत्याशियों से शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए सहयोग मांगा गया।
छात्र संघ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. शिवचंद सिंह रावत ने बताया कि अध्यक्ष पद पर अमित मिश्रा व प्रकाश सिंह उपाध्यक्ष के लिए सौरभ कुमार व सुभाष पुरोहित, सचिव के लिए अजय भंडारी व दिव्या, विवि प्रतिनिधि के लिए विपिन फरस्वाण, सह सचिव के लिए मनोज सिंह, कोषाध्यक्ष के लिए देवेंद्र सिंह और कार्यकारिणी सदस्य के लिए मीना का नामांकन वैद्य पाया गया। आठ सितंबर को कैंपस में छात्र संघ चुनाव होंगे। प्राचार्य डा. केएल मालगुड़ी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. शिवचंद सिंह रावत ने कहा कि छात्र संघ चुनाव की आम सभा और मतदान के दिन बिना पहचान पत्र के किसी भी छात्र व छात्रा को कैंपस में नहीं घुसने दिया जाएगा। कैंपस के आसपास शांति व्यवस्था के लिए प्रत्याशियों और अन्य छात्र-छात्राओं से सहयोग मांगा गया है।
15 प्रत्याशियों ने खरीदे नामांकन पत्र
पोखरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पोखरी में छात्र संघ चुनाव के लिए मंगलवार को 15 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य और छात्रा प्रतिनिधि के लिए 15 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे। संभावित प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ महाविद्यालय परिसर और पोखरी बाजार में शक्ति प्रदर्शन भी किया। छात्र संघ चुनाव प्रभारी डा. नंद किशोर चमोली ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए तीन, उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य और छात्रा प्रतिनिधि के लिए दो-दो प्रत्याशी और सह-संयोजक पद के लिए एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र खरीदा। महाविद्यालय में आठ सितंबर को छात्र संघ चुनाव संपन्न होंगे।