देवाल। 12 दिनों से पेयजल आपूर्ति न होने से नाराज ग्रामीणों ने जलसंस्थान के सहायक अभियंता का घेराव किया। लोगों ने आधा घंटे तक सहायक अभियंता और अन्य कर्मियों को खरी खोटी सुनाई। कहा यदि जल्द पेयजल आपूर्ति नहीं हुई तो बुधवार से उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस पर अपराह्न तीन बजे जलसंस्थान ने बाजार सहित अन्य इलाकों में पानी की आपूर्ति सुचारु कर दी।
22 अगस्त को भारी बारिश के कारण गमलीगाड़ नाले में हुए भूस्खलन से देवाल बाजार की पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब से बाजार सहित आसपास की बस्तियों की तीन हजार से अधिक आबादी के पीने के पानी के लिए दिक्कतें झेल रही थी। लगातार भूस्खलन के कारण पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही थी। इससे नाराज व्यापार संघ के अध्यक्ष केडी मिश्रा और दीपा जोशी के नेतृत्व में व्यापारियों और महिलाओं ने जल संस्थान के सहायक अभियंता यशपाल बिष्ट का घेराव किया। एई ने कहा कि 300 मीटर में लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिस कारण अभी तक पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पाई है। हालांकि घेराव के बाद विभाग ने यहां प्लास्टिक के नई पाइप बिछाने का काम शुरू किया। इसके बाद अपराह्न तीन बजे तक बाजार में पानी की आपूर्ति शुरू हो पाई।