कर्णप्रयाग। वार मेमोरियल राजकीय इंटर कालेज परिसर में प्रथम विक्टोरिया क्रॉस विजेता स्व. दरवान सिंह नेगी की स्मृति में रूद्राक्ष के पौधे रोपे गए। साथ ही उद्यान विभाग की ओर से पुष्पवाटिका का निर्माण भी किया गया।
शताब्दी समारोह के तहत शनिवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि कफारतीर निवासी गढ़वाल राइफल के सैनिक विक्टोरिया क्रॉस विजेता स्व. दरवान सिंह नेगी के प्रयासों से जीआईसी स्थापित हुआ है। जीआईसी को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने के प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर अलकनंदा वन प्रभाग की ओर से विद्यालय परिसर में 20 रूद्राक्ष के पौधे रोपे गए। साथ ही उद्यान विभाग की ओर से विद्यालय में पुष्पवाटिका का निर्माण किया गया। समारोह में विद्यालय में कक्षा छह से नौ तक पढ़ने वाले 50 से अधिक छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क ट्रैक सूट भी बांटे गए। समारोह में ब्लाक प्रमुख राधा देवी आर्य, शताब्दी समारोह के महासचिव भुवन नौटियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी एलएम चमोली, प्रधानाचार्य वीरपाल सिंह रावत, आरएल आर्य, एनएस बिष्ट, अशोक कोठियाल, एएस कुंवर, आरएस चौहान, जीएस तोपाल, वीरेंद्र मिंगवाल, पंकज डिमरी और अनुज डिमरी आदि मौजूद थे।