गोपेश्वर। श्रीदेव सुमन विवि परिसर गोपेश्वर में छात्र संघ के विभिन्न पदों के लिए शनिवार को नामांकन प्रक्रिया हुई। 10 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन कराया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर), सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य पद पर एक-एक प्रत्याशी की ओर से नामांकन करने से इन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होना तय माना जा रहा है। नामांकन से पूर्व सभी प्रत्याशियों ने नगर से लेकर कैंपस तक समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया।
शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर दो बजे तक नामांकन प्रक्रिया चली। इस दौरान अध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी के अमित मिश्रा और एनएसयूआई के प्रकाश सिंह ने नामांकन कराया। सचिव पद के लिए अजय भंडारी व दिव्या, सह-सचिव के लिए मनोज सिंह, उपाध्यक्ष के लिए सौरभ कुमार व सुभाष पुरोहित, कोषाध्यक्ष पद के लिए देवेंद्र सिंह, विवि प्रतिनिधि पद के लिए विपिन फरस्वाण और कार्यकारिणी सदस्य के लिए मीना ने नामांकन कराया। मुख्य चुनाव अधिकारी एसएस रावत ने बताया कि किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है।
पोखरी में नामांकन पत्रों की बिक्री चार को
पोखरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में चुनावी सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। प्राचार्य जयचंद कुमार गौतम ने बताया कि 4 को नामांकन पत्रों की बिक्री, 5 को नामांकन, 6 को नाम वापसी, सात को आम सभा और आठ सितंबर को मतदान होगा। उसी दिन मतगणना और विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।