ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। अबूधाबी, दुबई में होने वाली इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में शेमफोर्ड लिटिल स्टार्स के चार विद्यार्थी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। शुक्रवार को पुष्कर मंदिर रोड स्थित शेमफोर्ड लिटिल स्टार्स स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में संस्थान के निदेशक राहुल पंवार ने बताया कि 22 सितंबर से दुबई में होने वाली प्रतियोगिता में स्कूल के राघव थपलियाल, आदित्य शर्मा, आदित्य पयाल और तेजस्विनी शर्मा भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि चार से पांच अगस्त को ढालवाला में आयोजित हुई नवीं अंतरविद्यालयी स्टेट कराटे चैंपियनशिप में स्कूल के खिलाड़ी यशवर्धन गुप्ता, श्रुति गुप्ता, आदित्य पयाल, हार्दिक मलिक, ऋषभ पंवार ने स्वर्ण और अग्रिता रावत, अनुभव बिष्ट, आमोदिनी बिष्ट, तनुज राणा, अनिरुद्ध पंवार, परीक्षित रावत, तेजस्विनी शर्मा, अर्नव सिंह नेगी, सम्यक गैरोला, भव्य शर्मा, अक्षत गुप्ता, अंशुमन पंचपुरी व आदित्य शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया था। स्कूल के आदित्य शर्मा ने लुधियाना में आयोजित नेशनल कनिनजूको कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों को स्कूल की संस्था डीएसपी मैमोरियल ट्रस्ट स्पोंसर करेगा। सम्मान समारोह में कोच सैनसई चंद्रमोहन तिवारी और कराटे खिलाड़ियों को फूलमाला पहनाकर और उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।