ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला छात्र संघ के लिए आठ सितंबर को होने वाले चुनाव के लिए कॉलेज प्रशासन ने शुक्रवार को चुनावी अधिसूचना को जारी कर दी है। कॉलेज में चुनाव आचार संहिता के पालन के लिए व्यवस्था को पुख्ता बनाया जा रहा है। डोईवाला महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. एमसी नैनवाल और मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एसपी सती के हस्ताक्षरयुक्त अधिसूचना के अनुसार छात्र संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष ,विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और छात्रा प्रतिनिधि के प्रत्यक्ष निर्वाचन के लिए एक सितंबर को सुबह 11 बजे से ढाई बजे नामांकन पत्रों की बिक्री होगी।
इसके बाद चार सितंबर को साढ़े दस बजे से दो बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। तीन बजे वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन और पांच सितंबर को 11 से एक बजे तक नाम वापसी, छह सितंबर को आम सभा, सात सितंबर को अभिकर्ताओं की नियुक्ति सुबह 11 से डेढ़ बजे तक, आठ सितंबर को सुबह आठ बजे से साढ़े बारह बजे तक मतदान और दो बजे से मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
इसी दिन पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा। कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ केएल तलवाड़ ने बताया कि लिंगदोह सिफारिशों और उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराया जाएगा। चीफ प्रॉक्टर डॉ. डीएस नेगी ने बताया कि अब 75 प्रतिशत छात्र छात्राओं को परिचय पत्र वितरित किए जा चुके हैं। जल्द सभी विद्यार्थियों को मुहैया करा दिए जाएंगे।