ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
यूपीसीएल ने बकाएदारों के खिलाफ बृहस्पतिवार को अभियान चलाया। जिसमें कुल 3.50 लाख रुपये की बकाया वसूली की गई। अभियान के दौरान करीब एक हजार लोगों को सहभागिता योजना के तहत बिजली कनेक्शन भी बांटे गए। बकाया भुगतान न करने पर लोगों को कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई।
एसडीओ अशोक कुमार की अगुवाई में बृहस्पतिवार को टीम ने चकराता, त्यूनी और बुल्हाड़ क्षेत्र में अभियान चलाया। एसडीओ ने बताया कि यह पहला मौका है जब एक ही दिन में विभाग ने जनजातीय क्षेत्र में 3.50 लाख रुपये की बकाया वसूली की हो। बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। बिजली चोरी करने और बकाया भुगतान न करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान टीम में अवर अभियंता परम सिंह चौहान, इंदर सिंह भी मौजूद रहे।
15 वाहनों का किया चालान, एक सीज
साहिया। परिवहन कर अधिकारी रत्नाकर सिंह ने जौनसार बावर क्षेत्र में ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाते हुए बृहस्पतिवार को 15 वाहनों के चालान किए, जबकि कागजात पूरे न होने पर एक वाहन को सीज भी किया। परिवहन कर अधिकारी ने बताया कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।