लीडरशिप क्वालिटी से तय होगा चुनाव का रुख
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
पीजी ऑटोनोमस कॉलेज में ढाई दशक बाद एक बार फिर से छात्रसंघ चुनाव में जनरल गैदरिंग शुरू की जा रही है। इस आमसभा में छात्रसंघ उम्मीदवारों को अपने मतदाता (छात्र-छात्राओं) को लीडरशिप क्लवालिटी दिखाने का मौका भी मिलेगा। कॉलेज में पांच सितंबर को जनरल गैदरिंग का समय निर्धारित कर दिया गया है।
छात्रसंघ चुनाव में इस वर्ष प्रत्याशियों के लिए जरनल गैदरिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसमें निर्दलीय व छात्र संगठनों से जुड़े प्रत्याशी मतदाता छात्र-छात्राओं को अपने विचारों और प्राथमिकताओं से अवगत कराएंगे। इस दौरान उम्मीदवार संगठन के सिद्धांतों की जानकारी भी देंगे।
अभी तक चुनाव में प्रत्याशी छात्र-छात्राओं से मिलकर ही उन्हें महाविद्यालय के विकास और अन्य प्राथमिकताओं से अवगत कराते रहे हैं। बहरहाल अब प्रत्याशियों को सभा में लीडरशिप क्वालिटी का परिचय देना होगा। जनरल गैदरिंग को लेकर सिर्फ प्रत्याशी ही नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं में भी काफी उत्सुकता है। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एमपी नगवाल ने बताया कि कॉलेज में जनरल गैदरिंग के लिए पांच सितंबर की तिथि मुकर्रर की गई है। इसमें प्रत्येक प्रत्याशी को अपने विचार रखने के लिए पांच मिनट का समय दिया जाएगा।
क्या है जनरल गैदरिंग
जनरल गैदरिंग दरअसल आमसभा है। इसमें बहुत कम समय में छात्र या फिर छात्रा प्रत्याशी विचारों को साझा करते हैं। छात्र संगठन से जुड़े प्रत्याशी राजनीतिक पृष्ठभूमि, संगठन ने कॉलेज और संबंधित क्षेत्र में शिक्षा से जुड़े मसलों के लिए क्या किया। संगठन के सिद्धांत क्या हैं। चुनाव के बाद वह कॉलेज के विकास के लिए किस तरह का योगदान देने वाले हैं और किन व्यवस्थाओं को महाविद्यालय में सुधारने की जरूरत है। जनरल गैदरिंग में प्रत्याशी की राजनीतिक परिपक्वता भी छात्र-छात्राएं जान पाते हैं।