ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। सूबे के एकमात्र पीजी ऑटोनोमस कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को प्राचार्य ने चुनाव संचालन समिति का गठन भी कर दिया, जिसमें एक बार फिर मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एमपी नगवाल को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा छह और प्राध्यापकों को समिति में शामिल किया गया है। प्राचार्य ने बताया कि चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को कॉलेज में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें चीफ प्रोक्टर की मौजूदगी में चुनाव की तिथि को लेकर समिति में शामिल प्राध्यापकों विमर्श करेंगे।
बुधवार को कॉलेज के प्रशासनिक भवन में छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी ने बैठक आयोजित की, जिसमें चुनाव संचालन समिति का विधिवत गठन किया गया। प्राचार्य ने बताया कि समिति में मुख्य चुुनाव अधिकारी डॉ. एमपी नगवाल को नियुक्त किया गया है। जबकि उपचुनाव अधिकारी डा. वेदप्रकाश को बनाया गया है। इसके अलावा सहायक चुनाव अधिकारी का जिम्मा डॉ. वीके गुप्ता, डॉ. डीएस मेहरा और डॉ. वीपी बहुगुणा को सौंपा गया है। समिति में दो प्राध्यापकों को विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है, इनमें डॉ. दयाधर दीक्षित और डॉ. विजेंद्र लिंगवाल शामिल हैं।
प्राचार्य डॉ. माहेश्वरी ने बताया कि इस वर्ष शासन ने चुनाव को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतदान को 10 सितंबर से पहले कराने की बात भी कही जा रही है। लिहाजा, बृहस्पतिवार को समिति ने चीफ प्रोक्टर के साथ कॉलेज में बैठक बुलाई है, जिसमें विभिन्न विभागों के अध्यक्ष व प्राध्यापक भी मौजूद रहेंगे। बैठक में चुनाव की तिथि को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।