कर्णप्रयाग। बमौथ ग्राम पंचायत के अनुसूचित जाति बस्ती में चार दिन से बिजली नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि इसकी शिकायत कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों से की लेकिन अभी तक बिजली बहाल नहीं की गई।
बमौथ गांव के सुनील चमोली ने बताया कि गांव के अनुसूचित जाति बस्ती में करीब 45 से अधिक परिवार रहते हैं। चार दिन पूर्व गांव का ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिससे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। चमोली ने बताया कि बिजली गुल होने की शिकायत कई बार ऊर्जा निगम के कर्मियों से की इसके बाद भी समस्या नहीं सुलझी। बिजली नहीं होने से जंगली जानवरों का खतरा बना है। एसडीओ पीएस नेगी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। संबंधित अवर अभियंता से जानकारी लेकर जल्द गांव में ट्रांसफार्मर भेज दिया जाएगा।