देवाल। नंदा देवी राजजात के यात्रा मार्ग लोहाजंग-वाण को लोनिवि 45 दिन बाद भी नहीं खोल पाया है। मार्ग कुलिंग के पास बंद पड़ा है। यही नहीं बेराधार मोटर मार्ग एक सप्ताह से और मुंदोली मोटर मार्ग 5 दिनों से बंद हैं, जिससे ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं।
15 जुलाई को लोहाजंग-वाण मोटर मार्ग कुलिंग के पास दो मोटर पुल और करीब 300 मीटर सड़क बह जाने से बंद हो गया था। 45 दिन बाद भी मार्ग नहीं खुलने से वाण गांव के लोग 8 किमी की पैदल दूरी नापने को मजबूर हैं। वहीं उलंग्रा, कांडेई, ल्वाणी, हरनी, मुंदोली, सूया, बानुड़ी आदि कई गांवों को जोड़ने वाली मुंदोली सड़क पांच दिनों से बंद पड़ी है। सड़क पर कई जगह भूस्खलन होने से लोगों को खतरनाक चट्टानी मार्ग से पैदल आवागमन करना पड़ रहा है। वहीं हाटकल्याड़ी-अठठू- बेराधार मार्ग भी एक सप्ताह से बंद पड़ा है। यहां बेराधार के ग्रामीणों को 10 किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के ईई विजय कुमार ने बताया कि देवाल-मुंदोली मार्ग गमलीगाड़ गदेेरे में लगातार मलबा आने से बंद है। यहां तीन दिनों से जेसीबी काम कर रही है, जबकि बेराधार मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा है। बारिश बंद होने के बाद जेसीबी भेजी जाएगी, जबकि कुलिंग में वैलीब्रिज बना दिया गया है। बह चुकी सड़क बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
फोटो
विधायक मुन्नी देवी ने लिया आपदा प्रभावित क्षेत्र का जायजा
नारायणबगड़। थराली विधायक मुन्नी देवी शाह ने नारायणबगड़ गांव में आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने आपदा प्रभावित दुकानदारों और व्यापारियों से मुलाकात की और उन्हें उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया।
मंगलवार दोपहर को नारायणबगड़ कस्बे के ग्वालदम मोटर मार्ग पर बनी पांच दुकानें भूधंसाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिसमें दुकानदारों का लाखों का सामान मलबे की भेंट चढ़ गया था। बुधवार को विधायक मुन्नी देवी शाह मौके पर पहुंचीं और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जल्द मामले में मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी। इस मौके पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष दलीप सिंह नेगी, कमलेश सती, दलवीर सिंह नेगी, भगोती के प्रधान मनमोहन सिंह, मनवीर सिंह आदि मौजूद थे।