ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि को शिया धर्मगुरु मौलाना कोकब मुजतबा ने राखी बांधी। एक मुस्लिम बहन ने स्वामी चिदानंद मुनि की कलाई पर राखी बांधते हुए उनसे देश में अमन चैन, आपसी सद्भाव और भाईचारे का आशीर्वाद लिया। मौलाना कोकब मुजतबा ने परमार्थ आश्रमाध्यक्ष को राखी बांधते हुए कहा कि यह प्रेम, मोहब्बत का त्योहार है, और यही एहसास सारी दुनिया को कराना है। इसलिए मिलकर देश के लिए, अपने वतन के लिए मिलकर कार्य करें।
रविवार को परमार्थ निकेतन में विश्व के विभिन्न देशों से आए सैलानियों, परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों और परमार्थ परिवार के सदस्यों ने रक्षाबंधन का पर्व मनाया। परमार्थ गंगा तट पर ऋषिकुमारों का उपनयन संस्कार संपन्न हुआ। उपनयन संस्कार के बाद सभी ऋषिकुमारों ने स्वामी चिदानंद मुनि से मंत्र लेकर विश्व शांति के लिए प्रार्थना की। सभी ऋषिकुमारों को देसी विदेशी बहनों ने मिलकर राखी बांधी। साध्वी भगवती सरस्वती ने दिल्ली योग शक्तिपीठ से विशेषरूप से रक्षाबंधन के पर्व पर रसायनी बाबा को राखी बांधी।