ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायतों में घोटालों की एसआईटी जांच का स्वागत किया है। उन्होंने निर्णय पर हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत और पंचायती राज मंत्री अरविंद पांडेय को ज्ञापन भेजा।
भेजे गए ज्ञापन में बताया कि एसआईटी जांच से ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार पर रोक लग सकेगी। क्षेत्र में कई ऐसी ग्राम पंचायतें हैं जहां पर मासिक बैठक तक नहीं होती। लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में पता नहीं चल पाता। कई ऐसी ग्राम पंचायतें जहां पर बीते चार साल में कुछ भी विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने हर ग्राम पंचायत में वर्ष 2015 से लेकर 2018 तक के विकास कार्यों की जांच की मांग की। उन्होंने 14वें वित्त के साथ ही राज्य वित्त, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, 13वें वित्त और लाइट आदि की जांच की मांग की है। कहा एसआईटी जांच से प्रदेश सरकार की लोगों के बीच छवि में खासा सुधार आएगा। जीरो टॉलरेंस की नीति को बल मिलेगा। ज्ञापन भेजने वालों में पूर्व प्रधान रामलाल, सैन सिंह, प्यारे लाल, मोनू डोभाल, नीटू, जितेंद्र सेमवाल, नीरज चौहान, जगत सिंह, आत्माराम आदि शामिल रहे।