ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। शुगर मिल डोईवाला को घाटे से उबारने के लिए अब यहां पर एथनॉल प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। शनिवार को प्लांट स्थापित करने वाली कंपनी की चार सदस्यीय टीम ने मिल में आकर प्लांट लगाने की संभावनाओं को तलाशा। विशेषज्ञों के अनुसार डोईवाला मिल एथनॉल प्लांट के लिए सभी जरूरतों को पूरा कर रही है। टीम ने मिल के उच्चाधिकारियों के साथ मिल की पेराई क्षमता, मिल हाउस, रिकवरी, गन्ना क्षेत्र, बेगास यार्ड आदि क्षेत्रों का अवलोकन किया।
प्लांट के लिए गोदाम नंबर पांच, श्रमिक कॉलोनी और भट्टा कॉलोनी का भी निरीक्षण किया गया। बताया कि एथनॉल प्लांट के लिए करीब दस बीघा जमीन की आवश्यकता होगी। डोईवाला शुगर मिल के अधिशासी निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि एथनॉल प्लांट के लिए चिंतामणि एग्रोटेक लिमिटेड नागपुर महाराष्ट्र के विशेषज्ञ आए थे।
प्लांट के लिए सभी जरूरी आवश्यकताओं का निरीक्षण कर लिया गया है। प्लांट के लिए डोईवाला मिल दुरुस्त है। मिल प्रबंधन की ओर से भी राज्य सरकार को प्लांट के लिए डीपीआर भेजी जाएगी, जिससे बैंक से छूट का ऋण उपलब्ध हो सके। संभवत: 75 करोड़ की लागत से एथनॉल प्लांट तैयार हो सकेगा। इस दौरान मिल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे थे।