ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां शुक्रवार को त्रिवेणीघाट पर मोक्षदायिनी गंगा में प्रवाहित की गईं। सुबह 11 बजे शुरू हुई अस्थि कलश यात्रा में भाजपा के विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने जगह जगह पुष्पांजलि अर्पित कर पूर्व पीएम अटल जी का स्मरण किया। यात्रा के स्वागत में जगह जगह सड़कों पर लोग अस्थि कलश को पुष्प अर्पित करने के लिए खड़े रहे। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, राजपुर विधायक खजान दास, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल कलश यात्रा में मौजूद रहे।
यात्रा तीर्थनगरी में जिस भी मार्ग से होकर निकली, इस दौरान लोग अटल अमर रहे के नारे लगाते रहे। कलश यात्रा शुक्रवार को देहरादून रोड स्थित नटराज चौक से चौदहबीघा, कैलाशगेट, चंद्रभागा पुल, देहरादून रोड तिहारा होते हुए त्रिवेणीघाट पहुंची। यहां पूर्व पीएम अटल को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मंत्रोच्चार के साथ अस्थियों का गंगा में विसर्जन किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मंडल अध्यक्ष चेतन शर्मा, पंकज शर्मा, देवेंद्र दत्त सकलानी, संजय शास्त्री, दिनेश सती, जयराम आश्रम के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, कांग्रेस नेता विनय सारस्वत, विजय सारस्वत, कविता शाह, पुष्पा ध्यानी, सुरेंद्र कुलियाल, राकेश सेंगर, स्नेहलता शर्मा, अनीता ममगाईं, सरोज डिमरी, इंद्रकुमार गोदवानी, प्रदीप धस्माना, विवेक गोस्वामी, शिव कुमार गौतम, दीपक बिष्ट, राजीव कालड़ा, विपिन पंत आदि मौजूद रहे।
दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे अटल
पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे। उनका देवभूमि उत्तराखंड के प्रति प्रेम यहां का जनमानस सदैव याद रखेगा। कलश यात्रा में उमड़ी भीड़ अटल के प्रति लोगों का सम्मान दर्शाता है।
- सुबोध उनियाल, कृषि मंत्री।
उत्तराखंड प्रदेश के विकास के लिए जनता हमेशा अटलजी को याद रखेगी। ऋषिकेश में एम्स जैसे अत्याधुनिक स्वास्थ्य संस्थान खुलना अटलजी की ही देन है।
प्रेमचंद अग्रवाल, विधानसभा अध्यक्ष।