गैरसैंण। विकासखंड के दूरस्थ राजकीय इण्टर कॉलेज बछुवावाण (माईथान) में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों द्वारा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, आवास, पेंशन, आर्थिक सहायता क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर, पैदल मार्ग आदि से जुड़ी 160 शिकायत/समस्याऐं दर्ज की गई। जिसमें 53 शिकायतों का जिलाधिकारी ने शिविर में ही निस्तारण किया। जबकि अन्य शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण हेतु संबधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।
शिविर में स्थानीय निवासियों ने बछुवाबाण-घटगाड मोटर मार्ग, धामदेव-कोलानी-नौगांव मोटर मार्ग तथा लाटूगैर-नैणी मोटर मार्ग, माईथान-कुसरानी मोटर निर्माण की मांग प्रमुखता से जिलाधिकारी के समक्ष रखी। ग्रामीणों ने जीआईसी बछुवाबाण, लाटूगेर, जूनियर हाईस्कूल झूमाखेत तथा जूनियर बालिका विद्यालय बछुवाबाण में शिक्षकों की तैनाती की मांग की। साथ ही प्राथमिक विद्यालय सारिंग और जूनियर बालिका स्कूल बछुवाबाण के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। ग्रामीणों ने शिविर में पेंशन, जर्जर विद्युत पोलों को बदलने सहित अस्पतालों में डॉक्टरो की नियुक्ति की मांग भी उठाई। इस अवसर ब्लाक प्रमुख सुमति बिष्ट, उप जिलाधिकारी जीआर बिनवाल, सीएमओ डा0 टी बहुगुणा, व्यापार संघ अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह रावत, खंसर विकास समिति के अध्यक्ष नारायाण सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष भवान सिंह रावत, संयोजक अवतार सिंह पुण्डीर, दयाल सिंह पुण्डीर, कुंवर सिंह नेगी, प्रधान संघ अध्यक्ष चन्द्र सिंह नेगी, ग्राम प्रधान बलवंत सिंह नेगी, हरेन्द्र सिंह, राम सिंह, दामोदर प्रसाद, रघुवीर सिंह सहित अन्य जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद थी।
शिविर में किया स्वास्थ्य परीक्षण
गैरसैंण। शिविर में आयुर्वेदिक एवं यूनानी द्वारा 26, एलेपैथिक द्वारा 59, होम्योपैथिक द्वारा 55 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाई वितरित की गयी। पशुपालन द्वारा 20 पशुपालकों को पशु बीमारी की रोकथाम हेतु नि:शुल्क दवा वितरित की गयी। ग्राम्य विकास व पंचायती राज विभाग द्वारा 45 लोगों कोे परिवार रजिस्टर की नकल, 02 मृत व 01 जन्म प्रमाणपत्र तथा 21 बीपीएल प्रमाणपत्र निर्गत किए गए। समाज कल्याण द्वारा 04 वृद्वावस्था तथा तीलू रौतेली व दिव्यांग के 1-1 आवेदन भरे गये। विद्युत विभाग द्वारा 560 विद्युत उपभोक्ताओं के बिजली बिल जमा कर 2.10 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त की गई। कृषि विभाग द्वारा 101 लोगों को कृषि यन्त्र व रसायन जबकि उद्यान विभाग द्वारा 20 लोगों औद्यानिक औजार, सब्जी बीज, कीटनाशक दवाईयां वितरित की गयी। सैनिक कल्याण विभाग द्वारा 10 पूर्व सैनिकों का पंजीकरण व 05 वीर नारियों के पहचान पत्र तथा 30 पूर्व सैनिकों की पेंशन संबधी समस्या का समाधान करते हुए 10 वीरनारियों के बच्चों को छात्रवृत्ति फार्म भी वितरित किए गए।
कुमेड़ी/जुयाल
-जारी-