एनआईईपीवीडी (पूर्व में एनआईवीएच) के अंतर्गत एमएसवीएच के प्रिंसिपल कमलवीर सिंह जग्गी और वाइस प्रिंसिपल अनुश्रुया शर्मा को भी हटा दिया गया है। यह कार्रवाई नए डायरेक्टर डॉ केवीएस राव ने पदभार संभालने की बाद की है। कमलवीर सिंह जग्गी के स्थान पर डॉ गीता माथुर को प्रिंसिपल और अनुश्रुया के स्थान पर अमित शर्मा को वाइस प्रिंसिपल बनाया गया है। इधर, छात्रों ने आगामी 27 अगस्त तक मांगे पूरी न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। छात्र अब भी प्रदर्शन पर डटे हैं।
शुक्रवार को एर्नआईपीवीडी में नए डायरेक्टर डॉ केवीएस राव ने पदभार संभाल लिया। उन्होंने छात्रों की मांग और अब तक सामने सामने आई अनियमितताओं को देखते हुए प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल पर कार्रवाई की है। उन्होंने दोनों को पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर दोनों अधिकारियों को संस्थान के विभिन्न विभागों से तैनात किया गया है। इधर छात्रों ने अब नए डायरेक्टर को दो सूत्रीय ज्ञापन देकर उनकी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि यदि 27 अगस्त तक पूर्व डायरेक्टर अनुराधा डालमिया बर्खास्त नहीं होती हैं तो वे भूख हड़ताल करने पर विवश हो जाएंगे।
इसके अलावा उन्होंने अपनी 30 मांगों को पूरा करने के लिए 27 अगस्त तक कही डेड लाईन घोषित करने की मांग भी उठाई है। ज्ञापन लेने के बाद डायरेक्टर केवीएस राव ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, मगर वे किसी भी शर्त पर आंदोलन समाप्त करने को राजी नहीं हुए। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगे अब भी वही हैं जो पहले थी, ऐसे में उन्हें बार-बार आंदोलन खत्म करने के लिए क्यों कहा जा रहा है।
रात में बुलाई मीटिंग
डायरेक्टर केवीएस राव ने छात्रों के साथ रात नौ बजे के बाद बैठक करने की बात कही है। केवीएस राव का कहना है कि वे छात्रों को एक बार और समझाने का प्रयास करेंगे। छात्र एक बार फिर से अपनी उसी बात पर अड़े हैं कि वे यदि बात करेंगे तो सभी एकसाथ करेंगे। कोई प्रतिनिधिमंडल डायरेक्टर से बात करने नहीं जाएगा।