कर्णप्रयाग। ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) के लिए अब बार-बार परिवहन विभाग दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने होंगे। परिवहन विभाग अब डीएल के लिए ऑनलाइन आवेदन सहित अन्य प्रक्रियाएं शुरू करने जा रहा है। इसके तहत परिवहन विभाग ने सारथी सॉफ्टवेयर तैयार किया है। प्रक्रिया ऑनलाइन होने से डीएल बनाने के नाम पर दलाली से भी लोगों को मुक्ति मिलेगी।
चमोली जिले के सहायक संभागीय परिवहन विभाग के कार्यालय कालेश्वर में बृहस्पतिवार से यह प्रक्रिया शुरू हो सकती है। अब तक यहां डीएल के लिए फार्म लेने, जमा करने, शुल्क रसीद जमा करने के अलावा परीक्षा देने के लिए भी दफ्तर पहुंचना पड़ता था। कई बार कार्यालय में इंटरनेट या सर्वर डाउन होने के चलते भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती थी लेकिन अब डीएल के लिए परिवहन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। शुल्क भी आनॅलाइन जमा होगा। आवेदन स्वीकार होने के बाद आवेदक को तिथि देकर कार्यालय में बायोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद आवेदक का परिवहन विभाग ऑनलाइन टेस्ट लेगा। टेस्ट में पास होने के बाद लर्निंग डीएल दे दिया जाएगा। इसी तरह ही आवेदक को स्थायी डीएल के लिए आवेदन करना होगा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एल्विन रॉक्सी ने बताया कि आवेदक को अब केवल बायोमीट्रिक के लिए कार्यालय आना होगा। ऑनलाइन प्रक्रिया से डीएल के लिए लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने से निजात मिलेगी।