गोपेश्वर/कर्णप्रयाग। ईद उल जुहा (बकरीद) पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जगह-जगह नमाज अदा की। बच्चों, युवकों और बुजुर्गों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने देश में अमन-चैन की दुआ मांगी।
गोपेश्वर में मुख्य डाकघर के समीप ईदगाह में मोहम्मद अमजद ने नमाज अदा करवाई, जबकि पुलिस लाइन के जामा मस्जिद में हाफिज मजाहिर ने ईद की नमाज अदा करवाई। पूर्व विधायक कुंवर सिंह नेगी ने भी लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर गुड्डू खान, राशिद, मोहीद्दीन खान, नरुद्दीन खान, गुलाम मसूद, गुलाम मोहम्मद, मंसूर अली, फिरोज नजार, हासिम अंसारी, रिजवान कौशर, अकरम, मसरुफ, मुन्ना खान, नसीम, तनवीर व रईस अहमद आदि मौजूद थे। वहीं चमोली, नंदप्रयाग, जोशीमठ क्षेत्र में भी ईद धूमधाम से मनाई गई। वहीं कर्णप्रयाग नगर के अपर बाजार स्थित जामा मस्जिद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर ईद हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर जामा मस्जिद के मौलवी मोहम्मद आफताब, सदर असलम अहमद, कमालुद्दीन सिद्धकी, सफीक अहमद, रईस अहमद सहित कई लोगों ने नमाज अदा की।