आदिबदरी। तहसील के सुगड़ गांव के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय सुगड़ में तैनात प्रधानाध्यापक के स्थानांतरण की मांग उठाई। उन्होंने मांग के संबंध में डीएम को ज्ञापन भेजा।
ग्राम प्रधान बैजती देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य शकुंतला बरमोला आदि ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय सुगड़ में 20 वर्षों से कार्यरत प्रधानाध्यापक याकुब मियां बिना अवकाश के विद्यालय से नदारद रहते हैं। वह समय से स्कूल भी नहीं आते, जिससे यहां कार्यरत दूसरे शिक्षक पर ही बच्चों की पढ़ाई का जिम्मा रहता है। उन्होंने कहा यदि जल्द प्राथमिक विद्यालय सुगड़ के प्रधानाध्यापक का स्थानांतरण नहीं किया गया तो वृहद आंदोलन किया जाएगा। उप शिक्षा अधिकारी गैरसैंण लखपत सिंह रावत ने बताया कि मामले का संज्ञान लेकर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक विद्यालय सुगड़ के प्रधानाध्यापक याकुब मियां ने अपने ऊपर लगाए सभी आरोपों को निराधार बताया।