कर्णप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय के छात्रों ने उत्तरकाशी की घटना पर कर्ण मंदिर से मुख्य बाजार तक कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने मामले में दोषी को फांसी की सजा देने की मांग की। वहीं व्यापार संघ और भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन भेजकर नगर में रहने वाले बाहरी लोगों के सत्यापन की मांग की।
व्यापार संघ अध्यक्ष बृजेश बिष्ट, महामंत्री उमेश खंडूड़ी सहित अन्य ने कहा कि बाजार सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कई बाहरी लोग व्यापार, फेरी और मजदूरी के बहाने घूम रहे हैं। इनका सत्यापन पुलिस केवल आधार कार्ड और आईडी के आधार पर सही मान रही है। सत्यापन प्रक्रिया संबंधित थाने से की जानी चाहिए, ताकि बाहरी लोगों के बारे में सही जानकारी मिल सके। वहीं भाजपाइयों ने ज्ञापन में सड़क सहित अन्य परियोजनाओं में काम कर रहे मजदूरों के सत्यापन की प्रक्रिया संबंधित विभाग और ठेकेदार की तय करने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष थपलियाल, नगर अध्यक्ष सलिल डिमरी, निवर्तमान सभासद राजेश जोशी आदि शामिल थे। कैंडल मार्च निकालने वालों में एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष सूरज बिष्ट, निकेश नेगी, प्रभात नेगी, राहुल रावत, दिनेश रावत, हेमंत और अशोक आदि मौजूद थे।
आज दो अभी दो, दोषी को फांसी दो
गौचर। छात्रसंघ के आर्यन संगठन ने कैंडल मार्च निकाल और प्रदर्शन किया। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए आज दो अभी दो, दोषी को फांसी दो के नारे लगाए और रामलीला मैदान से ग्रैफ चौराहे तक कैंडल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने उत्तराखंड आंदोलनकारियों के शहीद स्मारक पर मोमबत्ती जलाकर बच्ची को श्रद्धांजलि दी। कैंडल मार्च निकालने वालों में संगठन के संरक्षक हरीश नयाल, महावीर रावत, अजय बिष्ट, सूरज कोहली, रोहित, अशोक कुमार, नीलम जोशी, मयंक खत्री, दीप प्रकाश और पंकज आदि शामिल थे ।