कर्णप्रयाग। तहसील मुख्यालय के प्राइमरी स्कूल की कक्षाओं में बच्चे छाता ओढ़कर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। अभिभावकों का कहना है कि लगातार मांग के बावजूद स्कूल भवनों की मरम्मत नहीं हो पा रही है।
ग्राम प्रधान दीपा देवी ने बताया कि प्राइमरी स्कूल में 26 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन यहां सालों पुराना भवन जर्जर हाल में है। लगातार मांग के बावजूद भवन की मरम्मत विभाग नहीं कर पा रहा है। प्रधानाध्यापिका किरन कठैत ने बताया कि बारिश के दिन कक्षा में बच्चों को छाता ओढ़ाकर पढ़ाना पड़ता है। टपकती छत और जर्जर हो चुकी दीवारें हादसों को न्योता दे रही हैं। वहीं प्राइमरी स्कूल नगली, खाल, स्यालकोट, गरीबनगर, बेड़ी तल्ली की हालत भी खराब है। इन स्कूलों में 73 छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी एसआर आर्य ने बताया कि ब्लाक के सभी स्कूलों की मरम्मत के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया। प्रस्तावों पर स्वीकृति मिलने के बाद मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा।