कर्णप्रयाग। उत्तरकाशी की घटना के विरोध में यहां महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान हुई सभा में पुलिस के प्रति लोगों का छात्रों का गुस्सा मुखर होकर सामने आया।
सोमवार को दोपहर डा. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर से लेकर मुख्य बाजार तक जुलूस निकाला। यहां छात्रों ने दो मिनट का मौन रखकर नाबालिग बच्ची को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों और पुलिस प्रशासन की नाकाम व्यवस्था पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका गया। इस दौरान हुई सभा में छात्र नेताओं ने कहा कि देवभूमि की शांत वादियों में सरकारों की विफलता के चलते आपराधिक तत्व पहुंच रहे हैं, जिससे गांव और घरों में बेटियां व महिलाएं सुरक्षित नहीं है। बिना सत्यापन के अपराधी प्रवृति के लोग पहाड़ के कस्बों और बाजारों में रह रहे है और पुलिस और प्रशासन के लोग बेखबर बने हुए हैं। फेरी के कारोबार के नाम पर गांवों में चोरी समेत दुष्कर्म और हत्या जैसे संगीन अपराध हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों में आरती नेगी, हिमानी, पंकज शर्मा, अनिल कुमार, सुनील कुमार, अंजली, दीपक रावत, अशोक कुमार, सचिन नौटियाल, सू्रज बिष्ट, निकेश नेगी, प्रीतम, प्रभात, संजय रावत, जयदीप बिष्ट, दिगंबर, नीलम, करिश्मा आदि शामिल थे। गौचर में भी घटना के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष ताजवर भंडारी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष विजय प्रसाद डिमरी, भाजपा नगर अध्यक्ष गजेंद्र नयाल, इंदू पंवार, सुनील पंवार आदि मौजूद थे।