ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। बरसात से क्षतिग्रस्त गुर्जर प्लॉट और मंसा देवी क्षेत्र को जोड़ने वाली पुलिया को स्थानीय लोगों ने श्रमदान कर अस्थायी तौर पर चलने लायक बनाया। उन्होंने निगम प्रशासन से पुलिया के स्थायी तौर पर पुनर्निर्माण की मांग भी की है। पिछले दिनों क्षेत्र में भारी बारिश के चलते गुर्जर प्लॉट और मंसा देवी क्षेत्र के बीच बनी पुलिया टूट गई थी, जिसके कारण दोनों इलाकों के बीच आवागमन थम गया था। इसी बीच स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन निगम ने कोई कदम नहीं उठाया।
इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही पुलिया की मरम्मत के प्रयास किए। इस काम में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष जयेेंद्र रमोला ने उनका सहयोग किया। रविवार को जेसीबी के जरिए ह्यूम पाइप डालकर पुलिया को अस्थायी तौर पर ठीक कर दिया गया। जयेंद्र रमोला ने बताया कि अस्थायी तौर पर दुरुस्त की गई पुलिया बारिश में फिर से टूट सकती है। लिहाजा, यहां पुलिया का निर्माण स्थायी तौर पर किया जाना चाहिए। साथ ही चेताया कि यदि जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया, तो ग्रामीणों के सहयोग से वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर भगवान सिंह रावत, आशा बीबी, मनोज बर्त्वाल, राजेंद्र गौड़, सुनीता देवी, मंजू देवी, पूनम जोशी, बरकत अली, दिनेश चंद्र, जगजीत सिंह आदि मौजूद थे ।