ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तीर्थनगरी में शहर के भीतर दोपहर के समय मालवाहक वाहनों की आवाजाही से जगह-जगह जाम की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। दोपहर के समय व्यस्त सड़कों के बावजूद प्रशासन व पुलिस मालवाहक वाहनों की शहर में एंट्री पर रोक नहीं लगा रही है। शनिवार को दोपहर के समय ऋषिकेश-हरिद्वार हाईवे पर मालवाहक वाहनों के घुस आने से जाम की स्थिति पैदा हो गई, जिससे लोगों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ी।
नगर क्षेत्र में दोपहर के समय पर्यटक वाहनों का भारी दबाव बना रहता है। खासकर वीकेंड पर बाहरी वाहनों की शहर में आमद बढ़ जाती है, ऐसे में पुलिस प्रशासन की ओर से दोपहर के समय शहर में मालवाहक वाहनों के प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। दूसरी ओर हाईवे पर शहरी क्षेत्र में पुलिस की ओर से जयराम आश्रम से चंद्रभागा ब्रिज तक जीरो जोन घोषित किया गया है, फिर भी स्थानीय सवारी वाहन जगह जगह चौक, चौराहों पर ब्रेक लगाकर सवारियां बिठाते और उतारते हैं। यह हाल तब है, जबकि कई स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
कोट्स
शहर में दोपहर के समय भारी वाहनों को एंट्री दी जाती है। माल वाहनों से जाम लगने की कोई शिकायत नहीं मिली है, अगर ऐसा हो रहा है तो समस्या का समाधान किया जाएगा, जिससे पर्यटकों को जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़े।
- प्रवीण सिंह कोश्यारी, कोतवाल ऋषिकेश।