कर्णप्रयाग। ब्लाक के नौली और हरकोटी गांवों के लिए निर्माणाधीन सड़क मुसीबत का सबब बन गई है। यहां लोनिवि ने गांवों के लिए सड़क की कटिंग की लेकिन भारी बारिश के कारण सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई और पेयजल लाइन भी टूट गई। अब गांवों में पेयजल आपूर्ति भी ठप पड़ी है और ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
देवी प्रसाद पंत, प्रकाश पंत, सुुनील पंत, प्रधान पार्वती देवी आदि ने कहा कि बारिश के कारण विराजकुंज से नौली और हरकोटी गांवों को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क एक सप्ताह पूर्व कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई। गांवों को जोड़ने वाले पैदल मार्ग भी टूट गए। उन्होंने कहा कि दोनों गांवों के 12 से अधिक बच्चे जिलासू, देवलीबगड़, विराजकुंज और लंगासू में पढ़ते हैं, लेकिन सड़क क्षतिग्रस्त होने से स्कूली बच्चे जान जोखिम में रखकर इन क्षतिग्रस्त रास्तों से आवागमन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने कहा कि बारिश से गांव की पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त पड़ी है लेकिन शिकायत करने के बाद भी विभाग की ओर से लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया। ग्रामीण एक किमी दूर से पानी भरने को मजबूर हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता केएस राणा ने बताया कि मामले में संबंधित अभियंता को जल्द सड़क खोलने के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं दूसरी ओर जलसंस्थान के अवर अभियंता जेएस बिष्ट ने बताया कि लाइन का निरीक्षण कर वैकल्पिक व्यवस्था कर दी जाएगी।