श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर की दो सड़कों को स्वीकृत मिलने पर ने सर्वेक्षण कार्य शुरू कर दिया है। साथ ही मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल गोदी-गौरियाखाल मोटर मार्ग का भी सर्वेक्षण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
कीर्तिनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत धारपंयाकोटी के कुंडियाड़ व बाग्यौ के लिए सड़क स्वीकृत होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई है। सड़कों के निर्माण के लिए लोनिवि ने सर्वेक्षण का कार्य शुरू कर लिया है। ग्रामीण अवतार सिंह राणा, सूबेदार जोधा सिंह, सब्बल सिंह राणा, उम्मेद सिंह कंडारी, केंद्र सिंह, मेहरवान सिंह पंवार आदि ने कहा कि आज भी ग्रामीणों को मोटर मार्ग से गांव तक पहुंचने में करीब तीन से चार किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल डागर क्षेत्र के गोदी-गौरीयाखाल मोटर मार्ग की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई है। ईई बीएस नेगी का कहना है कि दो सड़कों को प्रथम चरण की स्वीकृति मिली है, जिन पर सर्वेक्षण कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रथम चरण का इस्टीमेट स्वीकृत होने पर मार्ग का एलाइनमेंट व भूमि के प्रतिकर वितरण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी, जबकि गोदी-गौरियाखाल मार्ग निर्माण के लिए शीघ्र सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा।