ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य को उनके कार्यालय में बंद कर दिया। कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य पर दो छात्रों को बीएससी प्रथम वर्ष में बिना मेरिट के प्रवेश देने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर जमकर प्रदर्शन किया। करीब पौध घंटे तक प्राचार्य कक्ष में बंद रहे। बाद में प्राचार्य के आश्वासन पर छात्रों ने तालाबंदी समाप्त कर दी।
छात्रसंघ अध्यक्ष भाग्यश्री ने आरोप लगाया कि सोमवार को कॉलेज प्रशासन ने बीएससी प्रथम वर्ष में दो छात्रों को प्रवेश दिए। लेकिन दोनों ही प्रवेश नियम विरुद्ध किए गए। कॉलेज में मेरिट के आधार पर प्रवेश का प्राविधान है। लेकिन सोमवार को हुए प्रवेश में मेरिट का ध्यान नहीं रखा गया। इससे पूर्व कॉलेज प्रशासन ने 10 अगस्त की शाम को चोरी छिपे रिक्त पदों पर प्रवेश संबंधी अधिसूचना जारी की। जिसके चलते ज्यादातर छात्रों को इस अधिसूचना का पता ही नहीं चल सका। जिसके बाद सोमवार को कॉलेज प्रशासन ने आनन फानन में बिना मेरिट लिस्ट जारी किए दो छात्रों को रिक्त सीटों पर प्रवेश दे दिया। कहा नियमानुसार प्रवेश प्रक्रिया न होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्राचार्य डॉ. केएल बिष्ट ने बताया कि मामले में संबंधित विभागाध्यक्ष से रिपोर्ट मांगी गई है। प्रदर्शन करने वालों में प्रेमचंद्र नौटियाल, मोहित जैन, विवेक बिजल्वाण, सलमान, प्रियता खत्री, अंकिता बुटोला, मुन्ना चौहान, अंकित जोशी, सतीश, शुभम सिंह, प्रशांत, सत्यम, गौतम, मनीष शर्मा, परवेज मलिक, अरुण नेगी आदि शामिल रहे।