मायूस होकर लौटा पाकिस्तानी सिख जत्था
ऋषिकेश से अमृतसर के लिए श्रद्धालु हुए रवाना
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
पाकिस्तान से श्रीहेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए पहुंचा 39 सिख श्रद्धालुओं का जत्था अनुमति नहीं मिलने के चलते बृहस्पतिवार को अमृतसर के लिए लौट गया।
पाकिस्तान से जत्थेदार हिम्मत सिंह की अगुवाई में पहुंचे 39 सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तानी दूतावास और उत्तराखंड सरकार की ओर से श्रीहेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए चमोली जिले में जाने की अनुमति नहीं मिली। दो दिन तक तीर्थनगरी ऋषिकेश में लक्ष्मणझूला रोड स्थित हेमकुंड गुरुद्वारा में रुकने के बाद सभी श्रद्धालु बृहस्पतिवार को देहरादून होते हुए अमृतसर लौट गए। हिम्मत सिंह के मुताबिक भारत में उनका वीजा 24 अगस्त तक का ही है। लिहाजा, उन्हें श्रीहेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए भी जाना था। बताया कि इस मामले में पाकिस्तानी दूतावास और उत्तराखंड सरकार से मायूसी हाथ लगी। ऐसे में उनका ऋषिकेश में रुकने का कोई औचित्य नहीं रहा। लिहाजा, अमृतसर पहुंचने के बाद अब स्वेदश लौट जाएंगे। उधर, हेमकुंड गुरुद्वारा के प्रबंधक दर्शन सिंह ने बताया कि पाकिस्तानी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देकर रवाना किया गया। प्रबंधक ने श्रद्धालुओं दोबारा दर्शन के लिए दूतावास से सभी कागजातों को दुरुस्त कर आने को कहा गया है।