कर्णप्रयाग। शहीद बाबा मोहन उत्तराखंडी की स्मृति में आयोजित बेनीताल मेले में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। मेले में पहली बार बाबा मोहन उत्तराखंडी स्मृति सम्मान दिया गया। यह सम्मान अपर बाजार के पशुप्रेमी लक्की अली, सेवानिवृत्त के बाद भी महिलाओं की सेवा कर रही केरल की नर्स तिलोतमा और रक्तदान करने वाली सामाजिक संस्था परिवर्तन को दिया गया।
ब्लाक के पर्यटन स्थल बेनीताल में आयोजित मेले का उद्घाटन विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने किया। विधायक नेगी ने मेले को सहयोग देने की बात कही। मेले के आयोजन से पूर्व मेला समिति के पदाधिकारियों, ग्रामीणों और अतिथियों ने बाबा मोहन उत्तराखंडी के स्मारक पर पुष्प और माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद स्कूली बच्चों और लोक कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी लोक गीत और नृत्यों की सराहनीय प्रस्तुतियां दीं। मेले में पहली बार बाबा मोहन उत्तराखंडी स्मृति सम्मान दिया गया। मेला समिति के सचिव बीरेंद्र मिंगवाल ने बेनीताल को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने सहित क्षेत्रीय विकास की मांगों का ज्ञापन मुख्य अतिथि को सौंपा। इस अवसर पर पूर्व विधायक डा. अनसूया प्रसाद मैखुरी, ब्लाक प्रमुख राधा देवी आर्य, ज्येष्ठ उपप्रमुख गौतम मिंगवाल, संजय रावत, राकेश कोटियाल, भारती मिंगवाल सहित सिमतोली, एरवाड़ी, बणगांव, रतूड़ा, खंडूड़ा, केदारूखाल, घंडियाल आदि गांवों के ग्रामीण मौजूद थे।