वीजा में जिक्र के बावजूद श्रीहेमकुंड की नहीं मिली अनुमति
पाकिस्तान ने नहीं दी इजाजत, उत्तराखंड सरकार ने किए हाथ खड़े
गढ़वाल आयुक्त ने परमिशन के लिए प्रार्थना पत्र लेने से किया इनकार
राव राशिद
ऋषिकेश। श्रीहेमकुंड साहिब के दर्शन को पाकिस्तान से पहुंचे सिख जत्थे को राज्य सरकार ने ऋषिकेश से आगे जाने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है। जबकि पाकिस्तान दूतावास ने भी देहरादून के अलावा राज्य में दूसरे जिलों में जाने की परमिशन देने से हाथ खड़े कर दिए हैं।
सिख जत्थे की अगुवाई करने वाले हिम्मत सिंह ने बताया कि उन्होंने पाकिस्तानी दूतावास से आवेदन के दौरान श्रीहेमकुंड साहिब का जिक्र किया था, लेकिन उन्होंने वीजा में इसकी अनुमति को अंकित नहीं किया। इस बाबत बीते मंगलवार को चमोली जिले में स्थित श्रीहेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए गढ़वाल कमिश्नर से देहरादून में मुलाकात की और अनुमति के लिए प्रार्थना दिया, लेकिन कमिश्नर ने प्रार्थना पत्र लेने से ही इनकार दिया है। हिम्मत सिंह ने बताया कि जत्थे का वीजा 24 अगस्त तक है, लेकिन वह ऋषिकेश में सिर्फ कल तक ही रुकने वाले हैं। अनुमति नहीं मिल रही है, तो यहां रुकने का कोई औचित्य नहीं है।
हर एंट्री पर होती है परेशानी
ऋषिकेश। वीजा मिलने के बाद पाकिस्तान से भारत आए सिख श्रद्धालु देश में जगह-जगह पर एंट्री के दौरान चार-चार घंटे तक रोकने पर परेशान दिखे। श्रद्धालु नरेश कुमार का कहना है कि हुकूमतों के अपने मसले हैं, लेकिन हम आम नागरिक हैं। हम यात्री हैं और इस तरह से परेशान किया जाना ठीक नहीं है। हम भारत में श्रीहेमकुंड साहिब के दर्शन को आए हैं। हमारे साथ बच्चे हैं और हर जगह हमें चार-चार घंटे तक रोकना मुनासिब नहीं है।