धूमधाम से मनाया तीज महोत्सव
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। महिलाओं ने शहर के विभिन्न जगहों में कार्यक्रम आयोजित कर तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में सजकर आई महिलाओं ने एक दूसरे को मेहंदी लगाई। लोक कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
बुधवार को भाजपा अंबेडकर नगर मंडल महिला मोर्चा की ओर से मालवीय रोड स्थित हिंदू नेशनल स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री रेखा आर्य ने मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने तीज क्वीन प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली मुक्ता जैन को पुरस्कृत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिये महिलाओं में नई ऊर्जा देखने को मिली। तीज का उत्सव महिलाओं की शंकाओं को दूर करने और उनकी प्रतिभा को निखरने का काम करेगा। उन्होंने सावन का महत्व बताते हुए कहा कि इस माह में जो भी बालिकाएं शिव के व्रत रखती हैं उन्हें सुयोग्य वर मिलता है। इस मौके पर विधायक खजान दास, भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष विमला गौड़ समेत कई महिलाएं मौजूद रही।
उधर देहरादून लेडीज क्लब (वेस्ट) की ओर से सुभाष रोड स्थित एक होटल में वार्षिक तीज महोत्सव मनाया गया। क्लब की अध्यक्ष रीता अग्रवाल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। वेस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हस्तशिल्प संस्था की ओर से राजस्थानी वस्त्रों की प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में महिलाओं ने वस्त्रों और श्रृंगार की वस्तुओं की खरीदारी की। इस मौके पर वंदना अग्रवाल, मधु गर्ग आदि महिलाएं मौजूद रहीं।