श्रीनगर। बिड़ला परिसर में छात्र संगठन आइसा ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्र संघ चुनाव व सीबीसीएस प्रणाली पर तंज सके। नाटक में दिखाया गया कि किस तरह विवि के बिड़ला परिसर में दूर दराज के गांव का एक छात्र बड़े उत्साह से एडमिशन लेता है, लेकिन पहले की अपेक्षा बदल चुकी शिक्षा प्रणाली के चलते वह परेशान हो जाता है।
निर्देशक अंकित उछोली के निर्देेशन में मंचित नाटक में सीबीसीएस (च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम) की खामियों को नए छात्र-छात्राओं के सामने रखा गया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि इस व्यवस्था में च्वाइस की बात तो की गई है, लेकिन संसाधनों की कमी से च्वाइस नहीं दी जा रही है। शिक्षक और छात्रों का अनुपात सही नहीं है। साथ ही छात्र संघ चुनावों में होने वाले अनियंत्रित खर्चे पर भी व्यंग्य किया गया। नाटक में अमन रावत, कंचन, कविता खत्री, अनूप, ज्योति, दीपक, राहुल, शेखर, शशांक व अर्जन सिंह आदि ने अभिनय किया।