ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
कालसी प्रखंड के जूनियर हाईस्कूल ठकरासाधार में पढ़ने वाले 85 छात्रों का भविष्य एकल शिक्षक के भरोसे हैं। शिक्षक के अवकाश पर चले जाने या किसी सरकारी काम से बाहर जाने पर स्कूल में ताला लटक जाता है। लंबे समय से अभिभावक स्कूल में शिक्षक तैनाती की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार विभागीय अधिकारी आश्वासन देकर टरका देते हैं। अब सदर स्याणा और पूर्व प्रधान तुलसीराम शर्मा ने जिलाधिकारी से स्कूल में शिक्षक तैनाती की मांग की है।
डीएम को भेजे गए पत्र में पूर्व प्रधान ने कहा कि एक ही शिक्षक के भरोसे स्कूल के संचालित होने से छात्रों के पठन-पाठन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। शिक्षक का ज्यादातर समय सरकारी कामकाज निपटाने में ही निकल जाता है। जिस कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षक के अवकाश पर चले जाने पर स्कूल की छुट्टी करनी पड़ जाती है। स्कूल में आसपास के छह गांवों के छात्र पढ़ने के लिए आते हैं। बीते साल जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने उन्हें नया सत्र शुरू होने पर शिक्षक तैनाती का आश्वासन दिया था। लेकिन नया शिक्षण सत्र शुरू हुए चार माह व्यतीत हो चुके हैं, बावजूद अब तक स्कूल में शिक्षक तैनाती नहीं हो सकी है। कहा यदि विभाग शीघ्र ही शिक्षक तैनाती नहीं करता तो उन्हें मजबूरन आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने की स्कूल में हैंडपंप लगाने की मांग
विकासनगर। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर स्कूल परिसर में हैंडपंप लगाने की भी मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में जूनियर हाईस्कूल और हाईस्कूल ठकरासाधार एक ही परिसर में संचालित हो रहे हैं, लेकिन स्कूल परिसर में पानी की व्यवस्था नहीं है। वर्ष 2016 में स्कूल के लिए बिछाई गई पेयजल लाइन स्रोत के सूखने के बाद से बंद पड़ी है। छात्रों को लंबी दूरी तय कर मध्याह्न भोजन बनाने के लिए पानी ढो कर लाना पड़ता है। ऐसे में यदि स्कूल परिसर में हैंडपंप लगाया जाए तो पानी की समस्या समाप्त हो जाएगी।ं