गोपेश्वर। चारधाम यात्रा धीमी पड़ने से ऑल वेदर रोड परियोजना का काम दोबारा से होने लगा है। चमोली जिले में गौचर से पीपलकोटी (60 किमी) तक ऑल वेदर का कार्य हो रहा है। वहीं परियोजना प्रभावितों को मुआवजा देने के लिए शासन की ओर से प्रशासन को करीब 23 करोड़ रुपये मिले हैं।
चटवापीपल, कर्णप्रयाग, लंगासू, भकुंडा, देवलीबगड़, सोनला, नंदप्रयाग, प्रथाडीप, मैठाणा, चमोली, पीपलकोटी क्षेत्रों में हिल कटिंग कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। हिल कटिंग से भकुंडा से सोनला के बीच कई बार जाम भी लग रहा है। मई माह में चार धाम यात्रा के शुभारंभ को देखते हुए जिले में ऑल वेदर का काम जिला प्रशासन ने रुकवा दिया था। अब यात्रा धीमी पड़ गई है। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में प्रतिदिन तीन से पांच सौ तीर्थयात्री ही पहुंच रहे हैं, जिसे देखते दोबारा ऑल वेदर का काम शुरू कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी मोहन सिंह बर्नियां का कहना है कि जिन काश्तकारों की परियोजना निर्माण में भूमि आ रही है, उन्हें सूचीबद्ध किया जा रहा है। प्रशासन को मुआवजे के लिए करीब 23 करोड़ रुपये भी मिल गए हैं। आगामी वर्ष की तीर्थयात्रा तक हाईवे का चौड़ीकरण कार्य पूरा हो जाएगा।